शहर-राज्य

लिफ्ट देने के बहाने दो युवकों ने महिला से की ठगी

बैग में रखे थे आठ हजार रुपये और सोने के कुंडल, पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

स्याना .(बुलंदशहर) स्याना कोतवाली क्षेत्र में महिला को बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवक महिला को रास्ते में छोड़ने की बात कहकर उसका नीला थैला लेकर फरार हो गए। थैले में आठ हजार रुपये और सोने के कुंडल रखे हुए थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम धन्यावली निवासी राकेश पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह स्याना के हापुड़ अड्डे पर अस्पताल के पास सड़क किनारे खड़ी होकर अपनी बेटी के घर ग्राम चित्सौना (तीसोना) जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने महिला से कहा कि वे भी चित्सौना जा रहे हैं और उन्हें बाइक पर बैठा सकते हैं।
बातों में लेकर बाइक पर बैठाया
आरोप है कि युवकों की बातों पर भरोसा कर महिला उनकी मोटरसाइकिल पर बैठ गईं। महिला ने अपने कानों से सोने के कुंडल उतारकर नीले थैले में रखे पर्स में रख लिए थे। पर्स में आठ हजार रुपये भी थे।
कुछ दूर चलने के बाद ट्रैक्टर एजेंसी के पास दोनों युवकों ने महिला से कहा कि वह ऑटो से आगे चली जाएं, वे बाइक लेकर आ रहे हैं। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। महिला ने जब अपना सामान देखा तो नीला थैला गायब था। आरोप है कि दोनों युवक थैले को लेकर फरार हो गए जिसमें नकदी और सोने के कुंडल रखे थे।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
स्याना कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button