लाइव डिबेट में अभद्रता का आरोप, मुकदमा नहीं हुआ तो आमरण अनशन

मथुरा। डी.डी. न्यूज की लाइव टीवी डिबेट के दौरान कथित तौर पर अभद्र, आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण भाषा के इस्तेमाल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने थाना सदर बाजार में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और डिबेट की मूल रिकॉर्डिंग समेत डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग की है।
निषाद का आरोप है कि डिबेट के दौरान उनकी मां को लेकर भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि ऐसी महिला को अपमानित करना है, जिसका राजनीति या बहस से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि वह गाली का जवाब गाली से नहीं देंगे और संविधान व कानून के रास्ते पर चलेंगे।
कुंवर सिंह निषाद ने चेतावनी दी है कि यदि 26 अगस्त तक मुकदमा दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू नहीं की गई तो वह उसी समय से आमरण अनशन पर बैठेंगे। मामले में कांग्रेस विधि विभाग की ओर से लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी शिकायत दिए जाने की बात कही गई है। वहीं कांग्रेस मीडिया विभाग ने ऐसे टीवी डिबेट कार्यक्रमों में पार्टी प्रवक्ताओं को महंत राजू दास के साथ शामिल नहीं करने का निर्णय लिया है।
निषाद ने पुलिस से डी.डी. न्यूज की मूल लाइव रिकॉर्डिंग, ऑडियो-वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक बहस में वैचारिक मतभेद और तीखी राजनीतिक आलोचना स्वीकार्य है, लेकिन व्यक्तिगत गाली-गलौज, परिवार को निशाना बनाना और कथित धमकीपूर्ण भाषा स्वीकार्य नहीं है।



