रोडवेज बस की टक्कर से पिता की मौत, बेटे की हालत गंभीर, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है। हादसा गोविंदपुरी पुलिस चौकी के सामने उस समय हुआ जब दोनों सड़क पार कर रहे थे। तेज रफ्तार उत्तराखंड रोडवेज की बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार मोदीनगर के विजयनगर निवासी सिमोद अपने पुत्र उर्भाष के साथ सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही रोडवेज बस ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सिमोद गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र उर्भाष गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है, जहां चिकित्सक उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
बताया गया है कि पिता-पुत्र दोनों शादी समारोहों में ढोल बजाने का कार्य करते थे और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। गोविंदपुरी क्षेत्र में ही उनकी दुकान भी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बाद तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिमोद को बचाया नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई। मृतक सिमोद की पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात और तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने इस स्थान पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, घायल युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।



