रोजगार का महासंगम, दो दिन में हजारों इंटरव्यू, 65 कंपनियां करेंगी सीधी भर्ती-3600 से अधिक अभ्यर्थियों का पंजीकरण, स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी सुविधा

एनसीआर। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा 21 एवं 22 अप्रैल 2026 को ‘जॉब क्वेस्ट एक्सपो 2026’ नामक दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के जनपदों के हजारों रोजगार अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर साबित होने जा रहा है। संस्थान परिसर में आयोजित होने वाला यह जॉब फेयर क्षेत्र के सबसे बड़े रोजगार आयोजनों में शामिल माना जा रहा है। इस वर्ष पहली बार यह जॉब फेयर जिला रोजगार कार्यालय गौतम बुद्ध नगर तथा उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। संस्थान प्रबंधन का मानना है कि सरकारी सहयोग से यह आयोजन और अधिक प्रभावी बनेगा तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को नई गति मिलेगी। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और परिसर को पूरी तरह रोजगार मेले के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। ‘जॉब क्वेस्ट एक्सपो 2026’ में अब तक 190 से अधिक शिक्षण संस्थानों के छात्रों एवं अभ्यर्थियों ने भागीदारी सुनिश्चित की है। आयोजन समिति के अनुसार 3600 से अधिक अभ्यर्थी पहले ही ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि आयोजन स्थल पर स्पॉट रजिस्ट्रेशन की भी व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी इच्छुक अभ्यर्थी अवसर से वंचित न रहे। इस मेगा जॉब फेयर में 65 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां एवं हायरिंग पार्टनर्स भर्ती प्रक्रिया संचालित करेंगे। विभिन्न कंपनियां आईटी, मैनेजमेंट, मार्केटिंग, बैंकिंग, मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर, एजुकेशन, हेल्थकेयर एवं टेक्निकल क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मेरठ, अलीगढ़, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बिजनौर और मथुरा सहित कई शहरों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। शनिवार को आयेाजित प्रेसवार्ता के दौरान एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन हेम सिंह बंसल ने कहा कि संस्थान हमेशा से शिक्षा को रोजगार से जोडऩे की दिशा में कार्य करता रहा है। उन्होंने बताया कि ‘जॉब क्वेस्ट एक्सपो 2026’ केवल नौकरी दिलाने का कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य निर्माण का मंच है। उनका कहना था कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि छात्रों को रोजगार योग्य बनाना भी उतना ही आवश्यक है। जिला रोजगार अधिकारी मनीष अत्री ने कहा कि यह आयोजन युवाओं और उद्योग जगत के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का उत्कृष्ट मंच है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना और कौशल आधारित भर्ती को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजनों से रोजगार प्रक्रिया सरल होती है और युवाओं को कंपनियों से सीधे जुडऩे का अवसर मिलता है। समूह निदेशक सुधीर कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रतिभाशाली युवाओं को तैयार करना है। उन्होंने बताया कि कंपनियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो इस आयोजन की विश्वसनीयता और प्रभाव को दर्शाती है। संस्थान आने वाले वर्षों में इस जॉब फेयर को राष्ट्रीय स्तर का रोजगार मंच बनाने की दिशा में कार्य करेगा। कार्यकारी निदेशक विक्रांत चौधरी ने बताया कि मेगा जॉब फेयर के दौरान इंटरव्यू, स्किल असेसमेंट, करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट गाइडेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल नौकरी ही नहीं बल्कि सही करियर दिशा देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एडमिन ऑफिसर कविता चौधरी ने बताया कि आयोजन में आने वाले अभ्यर्थियों के लिए सुचारू व्यवस्थाएं, हेल्प डेस्क, रजिस्ट्रेशन काउंटर और कंपनियों के अलग-अलग इंटरव्यू जोन तैयार किए गए हैं। संस्थान प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षा संस्थानों, उद्योग जगत और प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करते हैं। ‘जॉब क्वेस्ट एक्सपो 2026’ युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलने के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। दो दिवसीय यह मेगा जॉब फेयर हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए तैयार है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन रोजगार सृजन के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगा।



