ग़ाज़ियाबाद

इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़, दुष्कर्म व चोरी का आरोपी गिरफ्तार-अंबेडकर प्रतिमा खंडित प्रकरण में भी पुलिस अलर्ट, स्वाट टीम जांच में जुटी

साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम के अपहरण और दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, चोरी किया गया मोबाइल फोन और दस हजार रुपये बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में निर्माणाधीन इमारत पर चौकीदार अपने परिवार के साथ झुग्गी बनाकर रहता है। 15 अप्रैल की देर रात अज्ञात युवक झुग्गी में घुसा और सो रही सात वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया। आरोपी मासूम को पास ही ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और वारदात को अंजाम देने के बाद बच्ची को झुग्गी के निकट छोड़कर फरार हो गया। जाते समय आरोपी झुग्गी से 11 हजार रुपये और मोबाइल फोन भी चोरी कर ले गया। पीडि़ता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस के पास कोई ठोस सुराग नहीं था। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बच्ची को साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम ने संदिग्ध के रूट को ट्रेस करते हुए करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच करते-करते पुलिस नीतिखंड स्थित श्मशान घाट तक पहुंची। वहां आसपास की बस्ती में पूछताछ के दौरान संदिग्ध की पहचान हुई और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी। शनिवार रात पुलिस टीम कनावनी पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू निवासी ग्राम सुतनापुर, जिला फर्रुखाबाद बताया। उसने बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और झुग्गी में चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाएं करता था। घटना वाले दिन भी वह नशे की हालत में झुग्गी में चोरी करने पहुंचा था और वहीं उसने घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। चोरी किया मोबाइल उसने राह चलते एक युवक को बेच दिया था। एसीपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और तकनीकी साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और मोबाइल खरीदने वाले व्यक्ति की भी तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button