रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी हटाने की मांग,प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

कांधला। संवादाता मोहसिन रहमानी
कस्बे के रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से खड़ी मालगाड़ी के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर विश्व सनातन धर्म सूर्य सेना के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है। शुक्रवार को संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक सैनी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि कांधला रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब तीन माह से मालगाड़ी खड़ी होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पर केवल एक और दो नंबर प्लेटफॉर्म होने के बावजूद फुटओवर ब्रिज की सुविधा नहीं है। ऐसे में यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। मालगाड़ी के कारण बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार यात्रियों को खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलने को मजबूर होना पड़ता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।मांग की कि रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से खड़ी मालगाड़ी को तत्काल हटाया जाए। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। इस दौरान कई लोग मौजूद रहे।



