राष्ट्रीय पर्वों के विज्ञापन, टेंडर एवं जनहित सूचनाओं में सभी समाचार पत्रों को मिले समान अधिकार : संयुक्त प्रेस क्लब

अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी बोले— लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के लिए सभी समाचार पत्रों को मिलना चाहिए समान अवसर
महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने उठाई विभागीय रोस्टर में सभी पात्र समाचार पत्रों को शामिल करने की मांग
नगर आयुक्त के प्रतिनिधि एवं उपाध्यक्ष मेडा संजय कुमार मीणा को सौंपा गया ज्ञापन
दैनिक, सायंकालीन, साप्ताहिक, पाक्षिक एवं मासिक समाचार पत्रों को बिना भेदभाव विज्ञापन जारी करने की मांग
छोटे, लघु एवं क्षेत्रीय समाचार पत्रों की अनदेखी बंद हो, विज्ञापन वितरण में पारदर्शी नीति लागू किए जाने की उठाई मांग
उज्ज्वल रस्तौगी मेरठ
मेरठ, 29 जुलाई। संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.) मेरठ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी एवं महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर के नेतृत्व में नगर निगम मेरठ में नगर आयुक्त के प्रतिनिधि तथा मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा (आईएएस) को ज्ञापन सौंपकर समाचार पत्रों एवं पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों विभागों को दिए गए ज्ञापन में मांग की कि पूर्व वर्षों की भांति 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस एवं 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर दैनिक प्रातःकालीन, दैनिक सायंकालीन, साप्ताहिक, पाक्षिक एवं मासिक समाचार पत्रों को बिना किसी भेदभाव के विज्ञापन जारी किए जाएं। साथ ही नगर निगम मेरठ एवं मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा प्रकाशित किए जाने वाले टेंडर, निविदाएं, ई-टेंडर सूचनाएं, जनहित सूचनाएं, सार्वजनिक नोटिस, नीलामी सूचनाएं तथा अन्य विभागीय विज्ञापन भी सभी पात्र समाचार पत्रों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था के अंतर्गत उपलब्ध कराए जाएं।
कमिश्नरी चौराहे पर एकत्रित पत्रकारों, संपादकों, प्रकाशकों एवं समाचार पत्र प्रतिनिधियों ने कहा कि लोकतंत्र में समाचार पत्र केवल सूचना का माध्यम नहीं बल्कि शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। छोटे, लघु एवं क्षेत्रीय समाचार पत्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी सूचनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए विज्ञापन वितरण की प्रक्रिया में सभी पात्र समाचार पत्रों को समान अवसर मिलना आवश्यक है।
अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कही जाने वाली पत्रकारिता को मजबूत करने के लिए सभी पात्र समाचार पत्रों को समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे एवं क्षेत्रीय समाचार पत्र वर्षों से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और समाज की आवाज बनकर कार्य कर रहे हैं। ऐसे समाचार पत्रों को विज्ञापन वितरण व्यवस्था से वंचित रखना उचित नहीं है।
महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि पात्र दैनिक समाचार पत्रों को विभागीय रोस्टर में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि रोस्टर व्यवस्था के अनुसार विभागीय विज्ञापन, निविदाएं, टेंडर एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं का प्रकाशन कराया जा सके। उन्होंने कहा कि पारदर्शी रोस्टर व्यवस्था लागू होने से सभी पात्र समाचार पत्रों को न्याय मिलेगा तथा सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से अनेक छोटे, लघु एवं क्षेत्रीय समाचार पत्र राष्ट्रीय पर्वों के विज्ञापनों तथा विभागीय प्रकाशनों से वंचित रह जाते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि सभी पात्र समाचार पत्रों को समान अवसर प्रदान किए जाएं तो सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित की सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित होगा और शासन-प्रशासन की योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सकेंगी।
ज्ञापन के दौरान नगर निगम मेरठ में नगर आयुक्त की ओर से उनके प्रतिनिधि ने मांग पत्र प्राप्त किया, जबकि मेरठ विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा (आईएएस) को ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों विभागों से मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी, महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष लियाकत मंसूरी, संरक्षक राजेंद्र चौहान, रमेश सोनी, अशोक टाइगर, श्रीपाल तेवतिया, अशोक गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, एम.पी. गौतम, अनिल बादली, सुनील बादली, शालू शर्मा, जाहिदा खान, शाहीन परवीन, मुकुल भारद्वाज, गौरव गोयल, रवि ठाकुर, राहुल गुप्ता, गौरव पांडेय, अंकुर भारद्वाज, उत्सव रस्तोगी, अन्नू अग्रवाल, वंशिका शर्मा, माही कश्यप, सुनील शर्मा, आसिफ उर्फ बॉबी, नदीम, एम.एच. खान, एहसान कुरैशी, दिनेश कुमार सिंघल, प्रभास रस्तोगी, अविनाश कुमार सक्सेना, मदन गोपाल, शिवकुमार, रोहित, सुनील जैकब, सुनील वर्मा, फरीद खान, रईस सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, संपादक, प्रकाशक एवं समाचार पत्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




