राजनगर एक्सटेंशन में गूंजेगा श्रीकृष्ण नाम, 19 को निकलेगी भव्य कार शोभायात्रा

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में भक्ति और अध्यात्म का भव्य आयोजन होने जा रहा है। श्री सनातन परिवार फाउंडेशन (रजि.) के तत्वावधान में रामलीला मैदान, निकट वीवीआईपी मॉल में 20 से 26 सितंबर तक श्रीमद् भागवत कथा एवं श्री कृष्ण नाम महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर शुक्रवार को कथा स्थल पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें कथाव्यास श्रद्धेय शिवानंद सनातनी भाई श्री (तीर्थ नैमिषारण्य), कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र सांगवान, कथा संयोजक अभिषेक शर्मा और महामंत्री अनिल शर्मा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। कथाव्यास शिवानंद सनातनी ने बताया कि कथा के शुभारंभ से एक दिन पहले 19 सितंबर को शाम चार बजे विशाल कार शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा की खास बात यह होगी कि इसमें केवल चार पहिया वाहनों यानी कारों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। कथा संयोजक अभिषेक शर्मा ने बताया कि कथाव्यास शिवानंद सनातनी पिछले करीब एक माह से राजनगर एक्सटेंशन में प्रवास कर रहे हैं। इस दौरान वह विभिन्न सोसायटियों में जाकर लोगों को कथा के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कथा को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है और रामलीला मैदान में भव्य कथा पंडाल तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र सांगवान ने पत्रकार वार्ता में सभी पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि यह राजनगर एक्सटेंशन के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। आयोजन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। महामंत्री अनिल शर्मा ने बताया कि 20 से 26 सितंबर तक प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक श्रीमद् भागवत कथा होगी। वहीं प्रतिदिन सुबह आठ बजे से यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कथा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी। आयोजन में भक्ति संगीत का भी विशेष आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री अनूप जलोटा की भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचने और धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है। कथा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में उपाध्यक्ष अरविंद भारद्वाज, राजन त्रिपाठी, अनिल तोमर, देवेंद्र चौबे, नरेश सिरोही, कमलदीप त्यागी, जीतेन्द्र शर्मा, आशुतोष तिवारी, प्रशांत त्यागी, एनके शर्मा, अभिषेक पांडे, पदमाकर मिश्र, वैभव शर्मा, बीपी उपाध्याय, संतोष भारद्वाज, दिनेश शर्मा, अंशुल वशिष्ठ सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।



