राजकीय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की दी जानकारी

असदुल्लाह सिद्दीकी
सिद्धार्थनगर। गुरुवार को यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज सिद्धार्थनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। प्रभारी यातायात अजय कुमार सिंह यादव ने टीम के साथ छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गुड समेरिटन योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने पर मिलने वाले 25 हजार रुपये के पुरस्कार, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी प्रावधान, स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पंपलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



