सड़क पर स्टंटबाजी और काली फिल्म का खेल बंद कराने उतरी पुलिस, 1125 चालान से मचा हड़कंप-विशेष अभियान में 982 वाहनों से उतरवाई काली फिल्म, यातायात नियम तोडऩे वालों पर सख्ती

गाजियाबाद। सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने काली फिल्म लगाकर वाहन चलाने और सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शुक्रवार को कमिश्नरेट के नगर, ट्रांस हिंडन, ग्रामीण और यातायात पुलिस जोन में की गई कार्रवाई के दौरान 982 वाहनों से मौके पर ही अवैध काली फिल्म उतरवाई गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के कुल 1125 चालान किए गए। इनमें काली फिल्म वाले वाहनों के 969 और खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के 156 चालान शामिल हैं।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच की। जिन वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म लगी मिली, उसे मौके पर ही उतरवाया गया। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा बढ़ाना है। जोनवार आंकड़ों के अनुसार, यातायात पुलिस ने काली फिल्म के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 344 वाहनों से फिल्म उतरवाई। इस जोन में काली फिल्म वाले वाहनों के 401 और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के 21 चालान किए गए। यहां कुल 422 चालान काटे गए, जो सभी जोन में सबसे अधिक हैं। नगर जोन में 262 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई। यहां काली फिल्म वाले वाहनों के 222 और स्टंटबाजी करने वाले वाहनों के 37 चालान सहित कुल 259 चालान किए गए। ट्रांस हिंडन जोन में 207 वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई और 207 चालान काली फिल्म के लिए किए गए। इसके अलावा स्टंटबाजी करने वाले 37 वाहनों के चालान काटे गए। इस जोन में कुल 244 चालान हुए। ग्रामीण जोन में 169 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई। काली फिल्म के 139 और स्टंटबाजी के 61 चालान किए गए। इस प्रकार ग्रामीण जोन में कुल 200 चालान हुए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी। वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म लगाकर चलना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इससे वाहन के भीतर की गतिविधियों की निगरानी में परेशानी होती है और सुरक्षा संबंधी जोखिम भी पैदा हो सकते हैं। वहीं, सड़क पर खतरनाक स्टंट करने से वाहन चालक के साथ दूसरे राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने दोनों तरह के उल्लंघनों के खिलाफ एक साथ अभियान चलाया। अभियान में एडिशनल पुलिस आयुक्त राजकरन नैय्यर के बयान के अनुरूप सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए यह संदेश दिया गया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म न लगाएं, सड़कों पर स्टंटबाजी से बचें और यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करें। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान का मकसद केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना भी है।




