मुरादाबाद: भूड़ा चौराहे पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, रिक्शे पर रखी बाइक और हाथ में सिलेंडर

*मुरादाबाद, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सोमवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने भूड़ा चौराहे पर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने रिक्शा पर मोटरसाइकिल रखकर और हाथ में गैस सिलेंडर लेकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का बजट बिगड़ गया है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो रहा है। रिक्शे पर बाइक और हाथ में सिलेंडर लेकर प्रदर्शन का मकसद सरकार को जनता की परेशानी से अवगत कराना है।
भूड़ा चौराहे पर हुए इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा भी होती रही कि यह जनहित का प्रदर्शन था।
प्रदर्शन में जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आगे भी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।



