मुड़िया पूर्णिमा मेला इस्काॅन ने लिया एक लाख श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करने का लक्ष्य

– राधाकुंड के गौरधाम विद्यालय परिसर में सेवा शिविर का लाभ ले रहे श्रद्धालु
मथुरा/गोवर्धन। राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला में श्रीकृष्ण बलराम मंदिर इस्काॅन वृंदावन के तत्वावधान लगाए सेवा शिविर में परिक्रमार्थी श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान की जा रही है। इस्काॅन संस्था की ओर से एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को प्रसाद खिलाने का लक्ष्य तय किया है। सोमवार को गौरधाम विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण-बलराम ठाकुर जी का श्रंृगार कर छप्पन भोग लगाए गए। सैकड़ों की संख्या में इस्काॅन भक्त परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करने आए हैं। इस्काॅन के विष्णुनाम दास ने बताया कि पूज्य सनातन गोस्वामी जी की याद में मुड़िया पूर्णिमा पर्व मनाया जाता है। वे स्वयं रोज गिरिराज जी की परिक्रमा लगाते थे। इसी उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दो एकड़ जगह में पांडाल लगाया है। इस्काॅन के अनुयायी राखल राजा ने बताया कि श्रद्धालुओं के प्रसादी वितरण के साथ विश्राम करने की व्यवस्था की गई है। तीर्थेश्वरी राधिका दासी ने बताया कि गिरिराज ठाकुर के सभी भक्तों को सेवा करने का अवसर मिला है। गिरिराज जी की परिक्रमा सात से आठ घंटे में पूरी होती है। इस दौरान श्रद्धालुओं को भूख-प्यास व थकान रहती है, इस्काॅन ने सेवा के लिए शिविर लगाया है। ठंडे शीतल, पेयजल आदि की व्यवस्था की है। परिक्रमा मार्ग में स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी के लिए थाली के द्वारा प्रसाद खिलाया जा रहा है। इस्काॅन की ओर से मुड़िया मेला में आने वाले देशी व विदेशी भक्तों को श्रीमद्भागवत गीता निःशुल्क वितरित की जा रही है। श्रीमद्भागवत गीता का अनुसरण कर अपनी जीवन में उतारें और भक्ति भाव से जुड़ सकें। ब्रजवासियों के बीच में आकर सेवा करना पुण्य की बात हैं। इस अवसर पर राखल राजा, गौर भगवान दास, संजू लता देवी, विश्वजीत शाह, विष्णु नाम दास, रजत कृष्ण, जयतीर्थ दास, तीर्थेश्वरी राधिका, रीना मिश्रा आदि थे।



