मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से बदलती युवाओं की तकदीर

विजय द्विवेदी
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ जी का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बने, अपने कौशल और प्रतिभा के बल पर स्वयं का रोजगार स्थापित करे तथा दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करे। इसी दूरदर्शी सोच को साकार करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान आज हजारों शिक्षित युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान कर उन्हें रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना रही है। जनपद प्रतापगढ़ में भी इस योजना के उत्साहजनक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत शिक्षित युवाओं को उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में अपना उद्यम स्थापित करने के लिए रूपये 5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण तथा 10 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल ने अनेक युवाओं के सपनों को साकार किया है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं।
इस योजना से लाभान्वित होने वाले युवाओं में आशीष यादव पुत्र सुरेश चन्द्र यादव नियर कम्पनी गार्डेन दहिलामऊ का नाम प्रमुख है। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से रूपये 5 लाख का ऋण प्राप्त कर साइबर कैफे की स्थापना की। आज उनका साइबर कैफे ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल सेवाएँ, प्रिंटिंग, स्कैनिंग तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। इससे उनकी आय में वृद्धि हुई और उनके साथ चार अन्य लोगों को भी रोजगार प्राप्त हुआ। इसी प्रकार अमरजीत निवासी पट्टी रायपुर शर्मा ने योजना के अंतर्गत रूपये 5 लाख का ऋण प्राप्त कर पैथोलॉजी लैब की स्थापना की। आज उनकी लैब क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है। पहले लोगों को छोटी-छोटी जांचों के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो रही हैं। उनके इस उद्यम ने न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि चार अन्य युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया। योजना की सफलता की एक और प्रेरणादायी मिसाल अब्दुल समद निवासी करनपुर देहात नरसिंहभान सदर की है। उन्हें सिलाई कार्य का अनुभव तो था, लेकिन पर्याप्त पूंजी के अभाव में वे अपना व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रहे थे। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत रूपये 5 लाख का ऋण प्राप्त होने के बाद उन्होंने आधुनिक मशीनों के साथ सिलाई एवं परिधान निर्माण का कार्य प्रारम्भ किया। आज उनका उद्यम सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और उनके साथ चार अन्य लोगों को भी रोजगार प्राप्त हुआ है।
इन तीनों युवाओं की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि युवाओं को समय पर आर्थिक सहयोग, उचित मार्गदर्शन और सरकार का विश्वास मिले तो वे अपने जीवन की दिशा बदल सकते हैं। आज ये तीनों केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत नहीं बना रहे हैं, बल्कि अपने उद्यमों के माध्यम से समाज में रोजगार सृजन कर आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जैसी योजनाएँ युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही हैं। यह योजना साबित कर रही है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र तक पहुँचने पर सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की नई कहानी लिखी जा सकती है। आज आशीष यादव, अमरजीत और अब्दुल समद जैसे युवा हजारों शिक्षित युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिस्थितियाँ सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बनतीं, यदि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सरकार का सहयोग साथ हो। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने उनके जीवन में केवल आर्थिक बदलाव ही नहीं लाया, बल्कि उन्हें सम्मान, आत्मविश्वास और समाज में नई पहचान भी दिलाई है।
उत्तर प्रदेश सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश का युवा आज आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहा है। प्रतापगढ़ के इन तीन सफल उद्यमियों की कहानी इस बात का जीवंत उदाहरण है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएँ जब आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचती हैं, तो वे केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास का माध्यम बन जाती हैं।



