रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, मासूम भतीजी से दरिंदगी कर आरोपी चाचा फरार
वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तों को कलंकित करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी चाचा ने अपनी ही छह वर्षीय मासूम भतीजी को हवस का शिकार बना डाला। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, गंभीर हालत में पीड़ित बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे मासूम के माता-पिता खेत में गए थे। घर पर बच्ची और उसका भाई मौजूद थे। इसी बीच 28 वर्षीय आरोपी ने मासूम को बहला-फुसलाकर छत पर ले जाकर उसके साथ अमानवीय कृत्य किया। बच्ची के शोर मचाने पर जब भाई छत पर पहुंचा, तो आरोपी उसे देखकर भाग निकला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को तत्काल माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर भेजा, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।



