मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
चिल्हिया/सिद्धार्थनगर। मिशन शक्ति फेज-5.0 द्वितीय चरण अभियान के अंतर्गत थाना चिल्हिया की मिशन शक्ति टीम द्वारा सोमवार को कस्बा चिल्हिया में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। मिशन शक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित चौपाल में उन महिलाओं और बालिकाओं तक पहुंचने का प्रयास किया गया, जो किसी कारणवश थाने तक नहीं पहुंच पाती हैं। टीम ने महिलाओं को उनके साथ होने वाले संभावित अपराधों, साइबर ठगी से बचाव के उपायों तथा कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान मिशन शक्ति 5.0 के स्टीकर भी विभिन्न स्थानों पर चस्पा किए गए। पुलिसकर्मियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर सेल स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। चौपाल में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई, लेकिन किसी ने कोई शिकायत नहीं बताई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा, 101 अग्निशमन सेवा, 14567 एल्डर हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। साथ ही नए कानूनों और महिला सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी प्रदान की गई। जागरूकता अभियान में कांस्टेबल सुनील कुमार, महिला कांस्टेबल कंचन यादव , आरक्षी नीलू आदि मौजूद रही।



