मानसी गंगा पर चार दिन से जारी धरने का बढ़ा विरोध, साध्वी मधुगिरी ने लगाए आरोप, प्रशासन बोला—जल्द होगा समाधान

मथुरा/गोवर्धन। मानसी गंगा पर पिछले चार दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन को लेकर अब स्थानीय लोगों का विरोध भी सामने आने लगा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे धरने के कारण श्रद्धालुओं, स्थानीय व्यापारियों और आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, प्रशासन लगातार धरना दे रहे पक्ष से वार्ता कर समाधान निकालने में जुटा हुआ है। धरना स्थल पर पहुंचीं साध्वी मधुगिरी ने समाजसेविका विनोदी चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए धरना समाप्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मानसी गंगा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल को धरना स्थल बनाकर उसकी गरिमा को प्रभावित किया जा रहा है। इससे न केवल प्रशासन और स्थानीय लोग परेशान हैं, बल्कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
साध्वी मधुगिरी ने कहा, “यह धरना राजनीति चमकाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। मानसी गंगा को बंधक बनाकर रखा गया है। यदि यही स्थिति बनी रही तो श्रद्धालु मानसी गंगा में आचमन तक नहीं कर पाएंगे। प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर धरना समाप्त कराना चाहिए, ताकि धार्मिक स्थल पर सामान्य व्यवस्था बहाल हो सके।” वहीं, तहसीलदार बृजेश कुमार ने बताया कि प्रशासन लगातार धरनारत पक्ष के संपर्क में है और उनकी मांगों के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की ओर से धरने का विरोध भी सामने आ रहा है, जिसे प्रशासन संज्ञान में लेकर सभी पक्षों से बातचीत कर रहा है।
तहसीलदार बृजेश कुमार ने कहा, “धरनारत लोगों की कुछ मांगों को पूरा कर दिया गया है, जबकि शेष मांगों पर भी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो और जल्द ही धरना-प्रदर्शन का शांतिपूर्ण तरीके से समापन हो जाए।”
प्रशासन को उम्मीद है कि आपसी सहमति से जल्द समाधान निकल जाएगा, जिससे मानसी गंगा पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक गतिविधियां पहले की तरह सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी।



