मंडोला रोड पर दूध से भरा कैंटर पलटा, चालक केबिन में फंसा

लोनी। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दूध से भरा कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद कैंटर के केबिन में चालक फंस गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में चालक के पैरों में चोट आई है। कैंटर में मौजूद हेल्पर और मालिक सुरक्षित हैं। पुलिस ने क्रेन की मदद से कैंटर को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
अशोक विहार कॉलोनी निवासी अश्विन कुमार कैंटर से दूध सप्लाई का काम करते हैं। लाल बाग कॉलोनी निवासी यश कैंटर चालक हैं, जबकि फर्रुखाबाद निवासी धर्मेंद्र हेल्पर है। अश्विन के अनुसार शनिवार को वह चालक यश और हेल्पर धर्मेंद्र के साथ बागपत के खेकड़ा स्थित अमूल प्लांट से कैंटर में दूध लेकर लौट रहे थे। मंडोला रोड पर पहुंचने के दौरान कैंटर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया।
कैंटर पलटने के बाद चालक यश केबिन में फंस गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटर के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। हादसे में चालक के पैरों में चोट आई थी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार कराया गया। हेल्पर और कैंटर मालिक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि हादसे में चालक के पैरों में चोट आई है। क्रेन की सहायता से कैंटर को सड़क किनारे खड़ा कराया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो गया। उन्होंने बताया कि मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


