दुधारा थाने पर आगामी दशहरा व मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई महत्वपूर्ण बैठक, दिए गए कड़े दिशा-निर्देश

संतकबीरनगर। रविवार क़ो थानाध्यक्ष दुधारा अमित कुमार कुशवाहा की अध्यक्षता में थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में थाने के समस्त हल्का प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा थाने व चौकियों पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा की अध्यक्षता में रविवार क़ो आगामी दशहरा पर्व और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने क़ो लेकर हल्का प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा थाने व चौकियों पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारीगण की बैठक आयोजित की गई।
थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के संबंध में डीजे संचालकों और मूर्ति व्यवस्थापकों के साथ पहले ही बैठक की जा चुकी है तथा उन्हें शासन और प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मूर्ति विसर्जन या जुलूस के दौरान डीजे पर किसी भी प्रकार के अश्लील या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गाने बिल्कुल नहीं बजने चाहिए। ऐसा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मूर्ति विसर्जन स्थल पर जिनकी भी ड्यूटी लगाई गई है, वे पूरी तरह सतर्क दृष्टि रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन संपन्न करवाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र की मूर्तियों के साथ मुस्तैद रहकर निगरानी करते हुए उन्हें सुरक्षित विसर्जन स्थल तक पहुँचाएंगे। त्योहारों की तैयारियों के साथ-साथ बैठक में कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया गया। ई-सम्मन का समय से तामिला सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। त्रिनेत्र अभियान’ के तहत मुख्य स्थानों और चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के कार्य को गति देने के लिए कहा गया, ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके। पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ‘यक्ष ऐप’ के उपयोग और उससे संबंधित कार्यप्रणाली के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



