मन की बात में इतिहास से युवा शक्ति तक गूंजा विकसित भारत का संदेश

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण का गाजियाबाद महानगर के सभी 20 मंडलों में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक श्रवण किया गया। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों और संदेशों को सुना। महानगर संयोजक आशीष चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और नागरिकों में उत्साह रहा। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के वसुंधरा मंडल के बूथ संख्या 310 पर बूथ अध्यक्ष महेंद्र चौधरी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम में भारत के इतिहास, युवाओं, तकनीक, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और जनभागीदारी जैसे विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। उन्होंने मुंबई के कृष्णा शेषाद्री की ओर से तैयार ‘भारतराज्य’ वेबसाइट की सराहना करते हुए इसे भारत के इतिहास को समझने की दिशा में अभिनव प्रयास बताया। यह ऐतिहासिक एटलस अलग-अलग कालखंडों में भारत के विभिन्न क्षेत्रों पर शासन करने वाले राजाओं और राजवंशों की जानकारी उपलब्ध कराता है। प्रधानमंत्री ने देश को नशे से मुक्त बनाने के उद्देश्य से चल रहे ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं, नागरिकों और विशेष रूप से सामग्री निर्माताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने युवाओं को तकनीक और नवाचार के माध्यम से भारतीय इतिहास, संस्कृति और ज्ञान को नई पीढ़ी के लिए अधिक आकर्षक और सुलभ बनाने के लिए प्रेरित किया। महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता के प्रयासों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के बाद चौधरी भूपेंद्र सिंह ने बूथ समिति के सदस्यों के साथ आगामी अभियानों और योजनाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ समितियों की भूमिका और संगठनात्मक कार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा 2027 में फिर भाजपा सरकार बनाने के संकल्प को दोहराया।


