भोजपुर थाना क्षेत्र गांव नाहली में खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी,

तीन डेयरियों से 1038 किलो पनीर और खोया नष्ट
अनिल वशिष्ठ
मोदीनगर,(वेलकम इंडिया )। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव नाहली में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर रात विशेष अभियान चलाकर मिलावटी पनीर और खोया बनाने वाली तीन डेयरियों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पनीर, खोया और मिलावट में प्रयुक्त होने वाले रसायन बरामद हुए। टीम ने मौके पर ही 868 किलोग्राम पनीर और 170 किलोग्राम खोया, कुल 1038 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट करा दिया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देश पर 12-13 अगस्त की रात करीब 11 बजे ग्राम नाहली स्थित मैसर्स तोमर डेयरी, कलवा डेयरी और शकील डेयरी पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान पनीर और खोया निर्माण में मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक अपमिश्रकों एवं रसायनों के उपयोग के प्रमाण मिले।खाद्य सुरक्षा टीम के अनुसार शकील डेयरी से स्किम्ड मिल्क पाउडर, वनस्पति, रानीपाल (व्हाइटनिंग एजेंट) और अन्य अपमिश्रक रसायन मिले। कलवा डेयरी में रिफाइंड पामोलीन ऑयल और अपमिश्रक रसायन, जबकि तोमर डेयरी से वनस्पति और सफेद पाउडर बरामद हुआ, जिनका उपयोग पनीर निर्माण में किया जा रहा था। टीम ने तीनों इकाइयों से पनीर, खोया, वनस्पति, स्किम्ड मिल्क पाउडर, रिफाइंड पाम ऑयल, एसिटिक एसिड, सफेद चूर्ण, रानीपाल, दूध और क्रीम सहित कुल 20 नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे हैं। निरीक्षण के दौरान तीनों डेयरियों के परिसर अत्यंत अस्वच्छ और गंदगी युक्त पाए गए।
कार्रवाई के दौरान 25 किलोग्राम सफेद पाउडर, 4 किलोग्राम वनस्पति और 153 किलोग्राम रिफाइंड पामोलीन ऑयल भी जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों के उपयोग को देखते हुए तीनों डेयरी संचालकों के विरुद्ध थाना भोजपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने के लिए विभाग ने आवेदन दे दिया है। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



