भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ अडींग की रामलीला का समापन, कलाकारों का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह

मथुरा /गोवर्धन। अडींग में आयोजित रामलीला का बुधवार रात्रि भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ भावपूर्ण समापन हो गया। रामलीला के अंतिम दिन श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। भगवान श्रीराम के राजतिलक की लीला के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। रामलीला के सफल आयोजन ने ग्रामीणों को धर्म, संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
समापन अवसर पर रामलीला कमेटी की ओर से सभी कलाकारों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं समाजसेवी सत्यप्रकाश गर्ग, गुलाब सिंह उर्फ गब्बर सैनी और चेंटा चौधरी ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं कलाकारों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका स्वागत किया। समाजसेवियों ने कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा देते हैं।
रामलीला के सफल आयोजन में कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर रामलीला संचालक उमेंद्र कुमार उर्फ लाला पचौरी, बिजेंद्र पहलवान, दिलीप कौशिक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



