बेगमाबाद में चला बुलडोजर, जामा मस्जिद के पास बनी 14 अवैध दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

-दुकानों के साथ प्रवेश द्वार की दीवार भी हटेगी, दो दिन पहले जारी हुआ था नोटिस
गाजियाबाद। बेगमाबाद स्थित जामा मस्जिद के समीप नगरपालिका की भूमि पर अवैध रूप से निर्मित 14 दुकानों को हटाने के लिए प्रशासन ने सोमवार को ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया। एसडीएम कोर्ट द्वारा मई माह में नगरपालिका के पक्ष में फैसला सुनाए जाने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई। प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि नगरपालिका की है, जबकि मस्जिद समिति इस पर अपना स्वामित्व दावा कर रही थी। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जामा मस्जिद और आसपास के क्षेत्र में करीब 600 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ग्रामीण पुलिस उपायुक्त सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। क्षेत्र में आने-जाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अवैध दुकानों के अलावा मस्जिद के प्रवेश द्वार से सटी दीवार के हिस्से को भी हटाया जाएगा। ध्वस्तीकरण कार्रवाई से पहले शनिवार को संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दुकानें खाली करने के लिए दो दिन का समय दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।



