बेकाबू ट्रेलर घर में घुसा, छात्र समेत 13 मवेशियों की मौत

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
ढेबरुआ/सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के इटवा-बढ़नी मार्ग स्थित रामनगर गांव में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान और पशुशाला में घुस गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर दो हिस्सों में बंट गया। दुर्घटना में घर के भीतर मौजूद 11वीं के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 मवेशियों ने भी दम तोड़ दिया। दो ग्रामीण और छह भैंसें घायल हो गईं।
रामनगर निवासी राम प्रसाद यादव का 20 वर्षीय पुत्र सूरज यादव हादसे के समय घर में मौजूद था। ट्रेलर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूरज गांव के बरसाती इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था और छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में पशुशाला में बंधी नौ भैंस और चार गाय समेत कुल 13 मवेशियों की भी मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि छह अन्य भैंसें घायल हो गईं। इसके अलावा हरिराम (56) पुत्र अवध बिहारी और राम आसरे यादव (70) पुत्र भल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। धमाके जैसी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर थानाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे। बाद में एसडीएम शोहरतगढ़ राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह तथा पशुपालन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रेलर की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।




