शहर-राज्य

बिस्कोहर में स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 के तहत क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

बिस्कोहर/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बिस्कोहर के सभागार में बुधवार को स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम-2016 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नगर को कचरा मुक्त बनाना तथा स्वच्छता से जुड़े कर्मचारियों को आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तकनीकों की जानकारी देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष अजय गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि बिस्कोहर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन व्यवहार में उतारना आवश्यक है। घर-घर से गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण ही स्वच्छ नगर की आधारशिला है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को नगर का वास्तविक ब्रांड एंबेसडर बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की। डिवीजनल अमरेंद्र प्रताप सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण, कचरा पृथक्कीकरण और सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों से वार्ड स्तर पर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। डीपीएम मनीष त्रिपाठी ने 3आर (रिड्यूस, रीयूज और रीसायकिल) तकनीक की जानकारी देते हुए जैविक कचरे से खाद बनाने तथा पुनर्चक्रण के महत्व को समझाया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों (पीपीई किट) के नियमित उपयोग के लिए भी प्रेरित किया। कार्यशाला में सफाई कर्मचारी, सुपरवाइजर, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन चालक, कार्यालय कर्मियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस दौरान वाहनों के रखरखाव, निर्धारित रूट चार्ट के पालन तथा जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया। अंत में अध्यक्ष अजय गुप्ता ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता सैनिकों का आभार व्यक्त करते हुए बिस्कोहर को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष स्थान दिलाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर एसबीएम प्रभारी अनूप पाण्डेय, टेक्निकल असिस्टेंट विमल सिंह, उद्धारक इंटरप्राइजेज के प्रो. शक्ति मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button