बरसात में सुरक्षा: खुले नालों को ढकने और बैरिकेटिंग का अभियान शुरू

बुलंदशहर। बरसात के मौसम में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन ने कस्बे में खुले नालों को ढकने और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेटिंग कराने का विशेष अभियान शुरू किया है। रविवार को अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर खुले नालों पर पत्थर की पटिया रखवाई गई, जबकि जहां तत्काल ढक्कन लगाना संभव नहीं था, वहां बांस की बैरिकेटिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की गई।
रविवार को नगर पंचायत चेयरमैन हाजी सलीम और अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा ने मोहल्ला आजाद रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खुले नालों को प्राथमिकता के आधार पर पत्थर की पटिया रखवाकर बंद कराया गया तथा शेष स्थानों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेटिंग कराई गई।
अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि हाल ही में बुलंदशहर में बरसात के दौरान हुए हादसे को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बरसात के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और यदि कहीं खुला नाला दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नगर पंचायत कार्यालय को दें।
नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार अधिकांश खुले नालों को ढक दिया गया है और शेष स्थानों पर भी जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही, आजाद रोड पर खुले नाले के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर बांस की बैरिकेटिंग भी कराई गई है।



