बंथला फ्लाईओवर पर यातायात संकट का त्वरित समाधान, अधिकारियों की सक्रियता से मिली राहत

गाजियाबाद। बंथला फ्लाईओवर से टीला मोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य किए जाने के चलते रविवार को यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। निर्माण कार्य के कारण सड़क की एक ओर का मार्ग बंद कर दिया गया था, जिससे दोनों दिशाओं का यातायात एक ही लेन से संचालित किया जा रहा था। इसके चलते सुबह से ही वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति ऐसी हो गई कि दफ्तर, बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को जाम में फंसकर काफी समय गंवाना पड़ा।
यातायात दबाव लगातार बढऩे के कारण बंथला फ्लाईओवर, टीला मोड़ और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने लगा। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने भी इस समस्या को लेकर चिंता व्यक्त की। सड़क के एक हिस्से पर चल रहे पाइपलाइन निर्माण कार्य के कारण वाहनों की आवाजाही सीमित हो गई थी, जिससे कई स्थानों पर धीमी गति से यातायात संचालित हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर यातायात निरीक्षक जटाशंकर पाठक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने जल निगम के कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए यातायात को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने सड़क पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था को पुनर्गठित किया, वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक दिशा-निर्देश दिए और यातायात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की। इसके साथ ही निर्माण कार्य कर रही एजेंसी के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि कार्य के दौरान यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। अधिकारियों की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का असर कुछ ही समय में दिखाई देने लगा। यातायात पुलिस और जल निगम के संयुक्त प्रयासों से जाम की स्थिति धीरे-धीरे समाप्त हुई और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य होने लगी। इसके बाद यात्रियों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह ने कहा कि शहर में चल रहे विकास कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जहां भी निर्माण कार्यों के कारण यातायात प्रभावित होने की सूचना मिलती है, वहां तत्काल टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जाता है। उन्होंने वाहन चालकों से भी अपील की कि निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में धैर्य बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करें। यातायात निरीक्षक जटाशंकर पाठक ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने तक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जरूरत पडऩे पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्थानीय लोगों ने भी यातायात पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से बड़ी समस्या टल गई। लोगों का मानना है कि यदि अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई नहीं की होती तो क्षेत्र में लंबा जाम लग सकता था और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता था। प्रशासन और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से रविवार को हजारों वाहन चालकों को राहत मिली और मार्ग पर यातायात फिर से सुचारु रूप से संचालित होने लगा।



