शहर-राज्य

बिजली के तारों से निकली चिंगारी से तैयार फसल जलकर हुई राख

मथुरा/नौहझील। थाना क्षेत्र के गांव रायपुर के खादर में शुक्रवार को बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने भारी तबाही मचाई। हाईटेंशन लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। गेंहू की फसल में बिजली के तार की चिंगारी से आग लगने से स्थानीय किसानों में कोहराम मच गया। तेज हवाओं के चलते लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे किसानों की सैकड़ों बीघा तैयार फसल जलकर राख हो गई।

खेतों पर जा रही बिजली की लाइन जर्जर हालात में थी, जिसकी किसानों के द्वारा बहुत दिनों से बिजली अधिकारियों से शिकायत की जा रही थी लेकिन बिजली विभाग के कानों पर जूं तक न रेंगी और किसानों को बेवकूफ बनाते रहे, यही हालात आसपास के सभी गांवों की बताई गई है वहां पर भी बिजली की लाइन जर्जर हालत में हैं।

आग लगने की सूचना के बावजूद दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।  गांव रायपुर के किसान ओमवीर, संजीव, रविंद्र, करुआ, बंटू, महेंद्र, राजू, देवपाल, दामो, ओमप्रकाश, लाला, हरकेश, बंटी, मोहन, सुरेंद्र, जुगेंद्र आदि लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जिनकी इस घटना में खड़ी फसल जल गई है। ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा गया। दर्जनों ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों व निजी संसाधनों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद खुद ही आग पर काबू पाया। तब तक कई किसानों की साल भर की गाढ़ी कमाई जलकर बर्बाद हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही  राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित किसानों को ढांढस बंधाया और हुए नुकसान के उचित आकलन का आश्वासन दिया। लगभग बीस किसानों की फसल कट गई थी जिनका पशुओं के लिए भूसा नहीं बना था, उन्हें भी अब भूसे के लिए दर – दर की ठोकरें खाना पड़ेगा। भाजपा नेता चौधरी प्रेम नौहवार सहित अन्य किसानों ने बिजली विभाग की लापरवाही को इस अग्निकांड का मुख्य जिम्मेदार बताते हुए जल्द से जल्द मुआवजे की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button