ग़ाज़ियाबाद

पुलिस उपायुक्त यातायात ने ट्रैफिक संचालन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

गाजियाबाद। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन एवं अपर पुलिस उपायुक्त यातायात वरुण कुमार सिंह ने हापुड़ तिराहा और न्यू बस अड्डा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ट्रैफिक संचालन, यातायात दबाव, वाहन आवागमन और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन ने यातायात पुलिसकर्मियों से मौके पर बातचीत कर ड्यूटी व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन और जाम की स्थिति से निपटने के उपायों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से हापुड़ तिराहा और न्यू बस अड्डा जैसे व्यस्त क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने देखा कि इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है, जिसके कारण पीक आवर्स में जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। त्रिगुण बिसेन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती प्रभावी ढंग से की जाए तथा अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण पर विशेष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों ने आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों, ट्रैफिक सिग्नल संचालन और डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कंट्रोल रूम कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियम तोडऩे वालों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस उपायुक्त यातायात त्रिगुण बिसेन ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है और आईटीएमएस प्रणाली शहर की ट्रैफिक मॉनिटरिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए लगातार निरीक्षण एवं सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। प्रशासन का प्रयास है कि शहर में जाम की समस्या कम हो, दुर्घटनाओं में कमी आए और नागरिकों को सुरक्षित यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button