न्यायालय के आदेश पर ग्राम सभा की जमीन से हटाया गया अतिक्रमण

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। पथरा बाजार थाना क्षेत्र के पिपरा रामलाल गांव में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध पक्का निर्माण हटवाते हुए ग्राम सभा की भूमि को कब्जामुक्त कराया। प्रशासन के अनुसार ग्राम पिपरा रामलाल, तप्पा सगरा में गाटा संख्या 1028 और 1029 की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। इसमें गाटा संख्या 1028 की 0.0630 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में खेल के मैदान के रूप में दर्ज है, जबकि गाटा संख्या 1029 की 0.0140 हेक्टेयर भूमि ग्राम समाज की है।शिकायत के बाद वर्ष 2022 में क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर बेदखली का वाद दर्ज किया गया था। दोनों पक्षों को सुनवाई का अवसर देने के बाद तहसीलदार न्यायिक, डुमरियागंज की अदालत ने 12 जून 2026 को बेदखली का आदेश पारित किया था।आदेश के विरुद्ध अब्दुल सलाम की ओर से जिलाधिकारी न्यायालय में अपील दाखिल की गई। जिलाधिकारी न्यायालय ने पांच अगस्त 2026 को तहसीलदार न्यायिक के आदेश को बरकरार रखते हुए बेदखली का आदेश दिया। इसी आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने कार्रवाई की। मौके पर ग्राम प्रधान, राजस्व अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य बनी रही।


