नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक में एडीएम सिटी ने दिए सख्त निर्देश-एक माह में 21 मुकदमे दर्ज, 32 गिरफ्तार; 179.476 किलो गांजा बरामद

गाजियाबाद। जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में मंगलवार को महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यालयों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने, होटल-ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाने तथा नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एडीएम सिटी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों के निर्धारित दायरे में किसी भी प्रकार की शराब, तंबाकू अथवा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थान विद्यार्थियों के सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण के लिए होते हैं। इनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री से विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करें और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समिति के संयोजक की रिपोर्ट के अनुसार 22 अगस्त से 20 सितंबर 2026 तक मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 21 अभियोग दर्ज किए गए। इस दौरान कुल 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तीन महिलाएं और 29 पुरुष शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान 179.476 किलो गांजा, 0.126 किलो नशीला पदार्थ और 0.581 किलो नशीली गोलियां बरामद की गईं। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। एडीएम सिटी ने होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर नशे के दुष्परिणामों को लेकर युवाओं और आमजन में जागरूकता भी बढ़ाई जाए। इसके लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की सूचना मिलने पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए। एडीएम सिटी ने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स सेल, खाद्य विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, वन विभाग और यातायात विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

