नर-नारायण सेवा संस्थान का मिलन समारोह, समर्पण और समाजहित का दिखा अद्भुत संगम

-समाजसेवियों व वरिष्ठ चिकित्सकों ने बढ़ाया उत्साह
जहांगीराबाद। नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था नर-नारायण सेवा संस्थान के छठे स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार देर सायं तक आरसी फार्म हाउस में भव्य “मिलन समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, चिकित्सकों एवं संस्था के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एस.के. गोयल ने संस्था द्वारा किए जा रहे जनहित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इन्हें निरंतर आगे बढ़ाया जाना चाहिए। कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल हुए वरिष्ठ चिकित्सक मुकेश अग्रवाल ने कहा कि जहांगीराबाद उनकी जन्मभूमि और बचपन की यादों से जुड़ा नगर है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में अवसर मिला तो वह पुनः यहां आकर समाज की सेवा करेंगे। उनके संबोधन ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ वीरेंद्र अग्रवाल की भी गरिमामयी उपस्थिति रहीं। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन मास्टर चंद्रभान शर्मा एवं वरुण गोस्वामी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर वरिष्ठ एमडी चिकित्सक देवेंद्र गर्ग ने अपने शानदार भजन की प्रस्तुति देकर माहौल को भाव व भक्तिपूर्ण बना दिया। उधर, समाजसेवी हेमंत बंसल ने एक महत्वपूर्ण एलान समाजहित में किया। उन्होंने अपनी स्वर्गीय माताजी की स्मृति में दो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं की निःशुल्क शिक्षा का संपूर्ण दायित्व प्रत्येक वर्ष उठाने की घोषणा की। उनकी इस पहल की उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से सराहना की। समारोह को संबोधित करते हुए अनूपशहर पालिकाध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने कहा कि संस्था को सभी सदस्यों को मिलजुलकर आगे बढ़ाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सेवा का लाभ पहुंच सके। वहीं जहांगीराबाद पालिकाध्यक्ष किशनपाल सिंह लोधी ने संस्था द्वारा संचालित अंतिम यात्रा बस, शव फ्रीजर, एम्बुलेंस एवं अन्य जनसेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नर-नारायण सेवा संस्थान मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है। नगर के लोगो को इन सुविधाओं से काफी लाभ पहुंचा हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव राजीव अग्रवाल ने वर्षभर के आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया तथा सभी अतिथियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने संस्था के सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में कार्य करते रहने का संकल्प लिया। इस दौरान अशोक जिंदल, डॉ. नीरज अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, सुधीर गोयल, रविन्द्र गर्ग, अजय बंसल, अशोक वार्ष्णेय, मंडी प्रधान जयप्रकाश गर्ग, रामावतार तायल, सुरेंद्र अग्रवाल, सतीश गर्ग, तुषार कंसल, हर्षित अग्रवाल, सनी जिंदल ,मनीष वर्मा सहित सैकड़ों की तादाद में लोग मौजूद रहें।


