दीवाली-छठ पर ट्रेनों में कड़ा पहरा, एस्कॉर्ट रखेगा नजर
गाजियाबाद। दीवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे पुलिस ने लंबी दूरी की ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। गाजियाबाद स्टेशन पर ठहरने वाली बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में जीआरपी के एस्कॉर्ट तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मी ट्रेन के अलग-अलग कोच में निगरानी रखेंगे और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। त्योहारों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों की ओर रवाना होते हैं। इससे बिहार और झारखंड समेत पूर्वी भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में सामान्य दिनों के मुकाबले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। भीड़ बढऩे के कारण ट्रेनों के साथ ही प्लेटफार्म पर भी यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सामान चोरी, जेब कटने और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जीआरपी की ओर से लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों में पहले से ही एस्कॉर्ट की व्यवस्था रहती है। अब त्योहारों के मद्देनजर इन ट्रेनों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। एस्कॉर्ट में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी, जिससे महिला यात्रियों की सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखी जा सके। जीआरपी गाजियाबाद के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया कि एस्कॉर्ट ट्रेन के विभिन्न कोच में लगातार निगरानी रखेगा। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ के हिसाब से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। यात्रियों से अपील की जाएगी कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


