दीपावली पर गाजियाबाद-अलीगढ़ के बीच तीन दिन चलेगी स्पेशल ईएमयू

गाजियाबाद। दीपावली के त्योहार पर ट्रेनों में बढऩे वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने गाजियाबाद और अलीगढ़ के बीच फेस्टिवल ईएमयू ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन पांच, छह और सात नवंबर को संचालित होगी। इससे दैनिक यात्रियों के साथ त्योहार पर आवागमन करने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार गाजियाबाद से अलीगढ़ के लिए ट्रेन संख्या 04414 पांच, छह और सात नवंबर को चलेगी। वहीं वापसी में अलीगढ़ से गाजियाबाद के लिए ट्रेन संख्या 04413 का संचालन किया जाएगा। इस ट्रेन का ठहराव मारीपत, दनकौर, खुर्जा और कुलवा समेत निर्धारित स्टेशनों पर होगा। इससे बीच के स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। दीपावली और छठ के दौरान बिहार, झारखंड और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों के कारण स्टेशन पर भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में अतिरिक्त ईएमयू ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।
उधर, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के सिटी साइड स्थित सर्कुलेटिंग एरिया की सड़क का निर्माण भी शुरू करा दिया गया है। बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से यात्रियों को परेशानी होती थी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार दीपावली से पहले सड़क का निर्माण पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रेलवे सतर्क है। आरपीएफ और जीआरपी की निगरानी बढ़ाई गई है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, टिकट घर, प्रतीक्षालय और फुटओवर ब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। एएस टीम ने भी स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। गौर सिटी से लखनऊ जा रहे इकबाल बहादुर की बृहस्पतिवार सुबह रेलवे स्टेशन पर तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई। बताया गया कि वह तेजस एक्सप्रेस पकडऩे के लिए प्लेटफॉर्म की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया। आरपीएफ के जवान उन्हें तत्काल यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वह मूल रूप से मैनपुरी के निवासी थे।



