मुड़िया पूर्णिमा मेले में परिक्रमार्थियों की सेवा में जुटा श्री यदुनाथ गृहम, पांच दिवसीय निशुल्क सेवा शिविर का आयोजन

मथुरा/गोवर्धन। राजकीय गुरु पूर्णिमा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के उद्देश्य से जतीपुरा परिक्रमा मार्ग स्थित श्री यदुनाथ गृहम के मुख्य द्वार पर 25 से 29 जुलाई तक पांच दिवसीय निशुल्क सेवा शिविर का संचालन किया जा रहा है। सार्वजनिक सेवा संस्थान एवं श्री यदुनाथ गृहम धार्मिक न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में परिक्रमार्थियों को विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल प्याऊ, स्वल्पाहार, चिकित्सा शिविर, निशुल्क भोजन प्रसाद तथा विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई है। दिन-रात चल रही इस सेवा का लाभ बड़ी संख्या में गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु उठा रहे हैं। सेवा कार्यों में संस्थान के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।
श्री यदुनाथ गृहम के दीक्षित अधिकारी एवं सार्वजनिक सेवा संस्थान के सचिव डॉ. विनोद दीक्षित ने बताया कि गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान आने वाले प्रत्येक परिक्रमार्थी को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सेवा ही सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है और इसी भावना के साथ यह सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह समस्त सेवा कार्य श्री यदुनाथ गृहम धार्मिक न्यास के अध्यक्ष षष्ठ पीठाधीश्वर श्री वल्लभराय जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से निरंतर संचालित हो रहे हैं। संस्थान ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इन सेवाओं का लाभ उठाने एवं मेले को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की है।


