जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में स्पिक मैके के सहयोग से भव्य शास्त्रीय संगीत समारोह आयोजित

वेलकम इंडिया राजेंद्र सिंह वरिष्ठ
हापुड़। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल, हापुड़ में भारतीय संस्कृति एवं शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण और विद्यार्थियों को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से स्पिक मैके (SPIC MACAY) के सहयोग से भव्य शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्व प्रसिद्ध सितार वादक श्री ध्रुव बेदी ने मनमोहक सितार वादन की प्रस्तुति दी। उनके साथ विश्व प्रसिद्ध तबला वादक श्री शंकर ज्योति सैकिया ने तबले पर संगत की। सितार और तबले की जुगलबंदी ने विद्यालय परिसर को संगीतमय बना दिया और छात्र-छात्राएं मंत्रमुग्ध होकर प्रस्तुति का आनंद लेते रहे।कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों, विभिन्न रागों, तालों तथा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बारे में जानकारी दी। संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों को कलाकारों से सीधे संवाद करने और शास्त्रीय संगीत की गहराइयों को समझने का अवसर भी प्राप्त हुआ।विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. आयुष सिंघल एवं सचिव डॉ. रोहन सिंघल ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं विरासत का संरक्षण विद्यालय की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों को देश की महान सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों से परिचित कराने के लिए विद्यालय निरंतर प्रयासरत है प्रधानाचार्या डॉ. निधि मलिक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शास्त्रीय संगीत विद्यार्थियों में एकाग्रता, सकारात्मक सोच और मानसिक शांति विकसित करने में भी सहायक है।



