जमीनी विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, तीन धाराओं में मुकदमा दर्ज

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी
त्रिलोकपुर/सिद्धार्थंनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बुड्ढीखास गांव में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित गोवर्धन ने बुधवार सुबह त्रिलोकपुर थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे जमीनी विवाद को लेकर विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष हरे कृष्णा उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 323, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चोटों की गंभीरता के अनुसार अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




