जनसुनवाई में डीएम का सख्त संदेश-शिकायतों का कागजी नहीं, जमीन पर दिखे समाधान, कार्रवाई में लापरवाही न बरतने के निर्देश

गाजियाबाद। आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई की। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि कब्जे, राजस्व विवाद, अवैध अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, जलापूर्ति और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी प्राप्त किया जाए, ताकि यह पता चल सके कि वास्तव में समस्या का समाधान हुआ है या नहीं। भूमि संबंधी शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सख्ती दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमाफियाओं और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। आमजन की जमीन पर कब्जा करने अथवा किसी व्यक्ति का उत्पीडऩ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए। ऐसे मामलों में पीडि़तों को शीघ्र राहत दिलाने के साथ दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि लोगों को उनकी समस्या से वास्तविक राहत दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए संबंधित अधिकारी शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एडीएम एल/ए अवनीश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को सुशासन और समय पर राहत उपलब्ध कराना है।
