ग़ाज़ियाबाद

जनता की शिकायत पर महापौर का एक्शन, पटेल नगर के पार्कों का किया स्थलीय निरीक्षण

गाजियाबाद। वार्ड संख्या 9 पटेल नगर द्वितीय क्षेत्र में पार्कों की बदहाल स्थिति और स्थानीय समस्याओं की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। नामित पार्षद सुमन सिंह द्वारा क्षेत्र की समस्याएं उठाए जाने के बाद महापौर स्वयं मौके पर पहुंचीं और पार्कों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कुछ दिन पूर्व पार्षद सुमन सिंह ने महापौर से मुलाकात कर क्षेत्र में पार्कों की खराब स्थिति, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने तत्काल निरीक्षण के निर्देश दिए और निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज अधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता उद्यान पवन कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने महापौर को बताया कि पार्क में लगाए गए ओपन जिम उपकरण कई स्थानों पर खराब हो चुके हैं, झूले क्षतिग्रस्त हैं, प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं होने से पार्क में अंधेरा बना रहता है तथा नियमित साफ-सफाई भी नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों ने यह भी शिकायत की कि दो वर्ष पूर्व पार्क में लगाया गया समरसेबल खराब हो गया था, जिसके बाद नया समरसेबल लगाया गया लेकिन वह भी मात्र छह माह में ही खराब हो गया। इस पर महापौर सुनीता दयाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदार के कार्यों की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पार्कों में लाइट, झूले, ओपन जिम उपकरणों की मरम्मत, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को शीघ्र सुचारू करने के आदेश भी अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति भी देखी और स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है और जल्द ही सभी व्यवस्थाएं बेहतर की जाएंगी। महापौर ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पार्षद द्वारा बताई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और उनका समाधान जल्द कराया जाएगा। भविष्य में किसी भी समस्या के लिए लोग अपनी पार्षद के माध्यम से जानकारी दे सकते हैं, ताकि समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके। महापौर के निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के निर्देशों से स्थानीय लोगों में संतोष दिखाई दिया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि पहली बार किसी महापौर ने स्वयं क्षेत्र में आकर समस्याओं को सुना और समाधान की पहल की है। पार्षद सुमन सिंह ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए नागरिकों से भी क्षेत्र के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button