छात्र-छात्राओं को वन्य जीव संरक्षण के प्रति किया जागरूक

वेलकम इंडिया
नूरपुर। स्योहारा मार्ग स्थित आर आर पब्लिक स्कूल में वन्यजीवों एवं वनों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन्यजीव सप्ताह 2026 का आयोजन किया गया। वनों और वन्यजीवों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए चांदपुर क्षेत्र से आए वन दरोगा मुकुल त्यागी ने स्कूल के बच्चों को वन्य जीवों का महत्व बताया साथ ही उनके बचाव के लिए जागरूक किया । उन्होंने कहा कि वन्य जीव प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन के लिए हम होते हैं उनके बचाव के लिए लोगों का साथ जरूरी है विद्यार्थियों को वन्य जीवों के प्राकृतिक घर, उनके बचाव और वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी वन विभाग को देने के बारे में बताया गया। इस तरह के कार्यक्रम स्वस्थ वन, स्वस्थ वन्यजीवन और स्वस्थ समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। वन हमें स्वच्छ वायु एवं ऑक्सीजन, जल सुरक्षा, जलवायु नियंत्रण, मृदा संरक्षण, खाद्य एवं औषधियां उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी प्रदान करते हैं। वहीं वन्यजीव परागण, बीज प्रसार, कीट नियंत्रण तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
सप्ताह के दौरान लोगों से पेड़ लगाने एवं उनकी देखभाल करने, जल बचाने, प्लास्टिक एवं कूड़ा कम करने, पक्षियों के लिए पानी रखने, वन्यजीवों को परेशान न करने, वनाग्नि से बचने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की गई है। वन विभाग द्वारा जारी संदेश में विशेष रूप से कहा गया है कि वन संरक्षण केवल पेड़ों को बचाना नहीं है, बल्कि जल, मिट्टी, पक्षियों, वन्यजीवों, जलवायु और अंततः मानव जीवन की रक्षा करना है। इस विषय पर स्कूल के बच्चों ने अपने -अपने सवाल पूछे जिनका बड़ी ही शालीनता से जवाब दिया गया।
उप प्रधानाचार्य टीकम सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए आभार व्यक्त किया। चंचल कटारिया के कुशल संचालन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदीप कुमार, पीतांबर सिंह, गजेंद्र सिंह, संजीव कुमार, आदित्य कटारिया, मुकुल शर्मा, कपिल कुमार, संजीव डबास, जीवन सिंह, स्वाति यादव आदि मौजूद रहे।

