शहर-राज्य

चोरी के खुलासे के बाद व्यापारियों ने कसी सुरक्षा की कमर

– बाजारों में गार्ड तैनाती और रोशनी बढ़ाने का फैसला, पुलिस गश्त की भी मांग

मथुरा/कोसीकलां। सर्राफा बाजार में हुई करोड़ों की चोरी का खुलासा होने के बाद व्यापारियों ने अब बाजारों की सुरक्षा को लेकर खुद कमर कसने का निर्णय लिया है। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं व्यापारी एकता संघ की संयुक्त बैठक में व्यापारियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

मंगलवार की देर शाम कन्हैया कंठी माला वालों के निवास पर हुई बैठक में व्यापारियों ने चोरी का माल बरामद करने और घटना का शीघ्र खुलासा करने पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों का आभार जताया। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की तत्परता से व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

बैठक में घटना को प्रमुखता से उठाने और व्यापारी समाज की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने के लिए पत्रकारों एवं मीडिया कर्मियों के सहयोग की भी सराहना की गई। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल गोयल ने बताया कि व्यापारियों ने तय किया कि प्रत्येक बाजार में आपसी सहयोग से सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि रात में बाजार अंधेरे में न रहें। व्यापारियों ने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, व्यापारी भी अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सजग रहें। पुलिस प्रशासन से बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी की मांग की गई। व्यापार मंडल एवं व्यापारी एकता संघ के पदाधिकारी सुरक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर पुलिस-प्रशासन से लगातार समन्वय बनाए रखेंगे। बैठक में नगर अध्यक्ष अंकित मालवीय, महामंत्री मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोक सोनी, सुरजीत चौधरी, अध्यक्ष महेश अग्रवाल, महामंत्री पंकज विसमरिया, मंत्री मनीष, हेमंत दीक्षित, कपिल खंडेलवाल, अजय अग्रवाल, शंकर बंसल, कन्हैया मंगल सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button