शहर-राज्य

ग्राम रथ अभियानः ग्रामीणों को मिल रही योजनाओं की जानकारीखानपुर मीणा में एलईडी वैन के माध्यम से दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी।

धौलपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम रथ अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत एलईडी मोबाइल वैन निर्धारित रूट के अनुसार गांव-गांव पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रही है।
अभियान के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की ऑडियो एवं वीडियो प्रस्तुतियां दिखाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत एवं सरल जानकारी मिल सके। इसके साथ ही कला-जत्था दल के लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं लोकगीतों के माध्यम से आमजन को जागरूक कर रहे हैं। ग्रामीणों ने भी इन प्रस्तुतियों में रुचि दिखाते हुए योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा ग्रामीणों को आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है।
अभियान के तहत प्रत्येक रथ में सुझाव पेटिका भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं सुझाव दर्ज कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा इन सुझावों एवं शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
शुक्रवार को बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खानपुर मीणा में आयोजित कार्यक्रम में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों ने योजनाओं के प्रति उत्साह दिखाते हुए विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button