
– डोल-मृदंग की थाप पर झूमे संत, भजनों से भक्तिमय हुआ गोरे दाऊजी धाम
मथुरा। जनपद के मांट गांव स्थित प्राचीन गोरे दाऊजी मंदिर परिसर में सोमवार को साधु-संतों के भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया। मंदिर प्रांगण में डोल और मृदंग की धुन पर साधु-संतों ने राधा-कृष्ण के भजनों का गायन किया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से मंदिर परिसर देर तक गूंजता रहा।
संतों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भी भाव-विभोर नजर आए। डोल-मृदंग की थाप के बीच श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के जयकारे लगाए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गोरे दाऊजी महाराज के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन में सहभागिता की।
सेवायत गोपाल दास बाबा ने बताया कि गोरे दाऊजी महाराज के दरबार में भजन-कीर्तन और संतों का संग श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। भक्ति और सत्संग से मन को शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों में संतों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से वातावरण और अधिक भक्तिमय हो जाता है।भजन-कीर्तन के दौरान मंदिर परिसर में देर तक आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। साधु-संतों के साथ श्रद्धालुओं ने भी भक्ति रस का आनंद लिया और राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए। इस अवसर पर एडवोकेट श्याम दास, प्रदीप मंडल, निशिकांत नायक, नवकुमार मंडल, कृष्णा दास, किशन पोयरा,मधुनैया, उमेश बंसल, सौरव सक्सेना, संजू आदि मौजूद थे।



