शहर-राज्य

गुरुद्वारा सिंह सभा नानक नगरी बजारघाट में नई समिति गठित, संगत के सामने पेश किया पाई-पाई का हिसाब

वेलकम इंडिया पीलीभीत
हजारा/पीलीभीत। ट्रांस शारदा क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा नानक नगरी बजारघाट में शुक्रवार को संगत की सर्वसम्मति से नई प्रबंधकीय कमेटी का गठन किया गया। तीन दिवसीय श्री अखंड पाठ साहिब के समापन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में नई समिति ने संगत के सामने आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक कर पारदर्शिता की मिसाल पेश की।संगत की सहमति से मेवा सिंह उर्फ मीठ्ठू को अध्यक्ष/प्रधान, शमशेर सिंह को सचिव, गुरमेज सिंह को खजांची, मलकीत सिंह को मुख्य सेवादार, मक्खन सिंह को सेवादार और गुरूसेठपाल सिंह को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति में महेन्द्र सिंह, परमजीत सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, मुख्यत्यार सिंह, प्रेम कम्बोज, स्वर्ण सिंह, छिन्दर सिंह, जरनैल सिंह, हरचन्द सिंह और गुरजन्ट सिंह को भी सेवादार के रूप में शामिल किया गया।
अखंड पाठ साहिब के समापन के बाद लंगर के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से संगत को आर्थिक सहयोग और अनाज दान का विस्तृत विवरण बताया गया। समिति के अनुसार संगत से कुल 67,041 रुपये का आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ, जबकि कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं में 41,800 रुपये खर्च हुए। खर्च के बाद बची 25,241 रुपये की धनराशि गुरुद्वारा साहिब के कोष में सुरक्षित जमा करा दी गई।
गौरतलब है कि शारदा नदी के भीषण कटान के चलते क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ भूमि नदी में समा चुकी है। इसके बावजूद स्थानीय संगत की धार्मिक आस्था और सेवा भावना लगातार कायम है। वर्षों से यहां श्री अखंड पाठ साहिब का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ होता आ रहा है।नई समिति द्वारा सार्वजनिक रूप से आय-व्यय का हिसाब प्रस्तुत किए जाने पर संगत ने खुशी जताई। लोगों ने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था से गुरुद्वारा प्रबंधन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगत का आभार जताते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और मिल-जुलकर सेवा करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूरनपुर से पहुंचे रागी जत्थे ने गुरुबाणी और सिख इतिहास से संगत को जोड़ा। श्रद्धालुओं ने गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष नतमस्तक होकर कड़ाह प्रसाद ग्रहण किया और लंगर छका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button