एमवीडीए ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त ने अधिकारियों और प्रवर्तन टीम को सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पागल बाबा मंदिर से मसानी रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
नगर निगम की टीम ने जयसिंहपुरा स्थित बिरला मंदिर के पास फूड पार्क के आसपास सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान कई दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैलाए गए सामान और अस्थायी ढांचों को हटाया गया। वहीं पागल बाबा मंदिर के सामने रेस्टोरेंट और दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया।
नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को पहले चेतावनी भी दी। चेतावनी के बावजूद सड़क किनारे कब्जा करने वालों का सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और सड़कों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से सड़क किनारे आवागमन सुचारू होने की उम्मीद है।



