कुट्टू आटा प्रकरण में खाद्य विभाग की कार्रवाई तेज, नमूने लेकर जांच शुरू

जहांगीराबाद। कुट्टू के आटे के सेवन से दंपत्ति के बीमार होने के मामले में अब खाद्य विभाग हरकत में आ गया है। आज सुबह में सामने आए इस प्रकरण के बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। खाद्य विभाग के निरीक्षक ने उस दुकान पर पहुंचकर जांच की, जहां से पीड़ित परिवार द्वारा कुट्टू का आटा खरीदा गया था। दुकानदार से पता किया गया कि उक्त आटा कहाँ से खरीदा गया हैं। निरीक्षण के दौरान दुकान से आटे के नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इसी क्रम में खाद्य विभाग के निरीक्षक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर भी बीमार दंपत्ति की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों से पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई। विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच करने की बात कही है। गौरतलब है कि मंगलवार सुबह कुट्टू का आटा खाने से मोहल्ला रोगन ग्राम निवासी उमेश और उनकी पत्नी पिंकी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद दोनों को गंभीर हालत में बुलंदशहर के हायर सेंटर रेफर किया गया था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। नागरिकों ने बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की हैं।



