ऑपरेशन कवच के तहत भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त पैदल गश्त, सघन चेकिंग

असदुल्लाह सिद्दीकी
मोहाना/सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को ऑपरेशन कवच के तहत थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी और नेपाल की एपीएफ पुलिस ने संयुक्त पैदल गश्त व सघन चेकिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष मोहाना जितेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में भगवानपुर इंडो-नेपाल बॉर्डर पर यह अभियान संचालित किया गया। संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए सीमा मार्गों का निरीक्षण किया। अभियान में पुलिस चौकी लालपुर के हेड कांस्टेबल फहीम अहमद, हेड कांस्टेबल मंजेश कुमार तथा कांस्टेबल सुशील कुमार सहित एसएसबी और एपीएफ नेपाल पुलिस के जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर सुरक्षा बनाए रखने तथा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



