मुंबई की बारिश बनी काल: मानखुर्द में तीन मंजिला इमारत गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, पैतृक गांव में एक साथ उठे जनाजे

मुंबई हादसे में उजड़ गया पूरा परिवार, सब्जी लेने बाहर गए पति की बची जान; बस्ती जिले के गांव में शव पहुंचते ही पसरा मातम
बस्ती।
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने बस्ती जिले के एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक मकान के ऊपर बनी तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार के मुखिया की जान इसलिए बच गई क्योंकि घटना के समय वह सब्जी खरीदने के लिए घर से बाहर गए हुए थे।
हादसे में मृतकों के शव मुंबई से एंबुलेंस के माध्यम से उनके पैतृक गांव चौकिया/रसूलपुर, जनपद बस्ती लाए गए। शव गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। परिजनों के चीत्कार और ग्रामीणों की नम आंखों ने हर किसी को भावुक कर दिया।
मृतकों में मोइनुद्दीन की पत्नी अख्तर जहां (45 वर्ष), पुत्र कैसर (14 वर्ष), जलालुद्दीन (7 वर्ष), सेराजुद्दीन (6 वर्ष) तथा अनामिया (3 वर्ष) शामिल हैं। बताया गया कि मृतका अख्तर जहां का मायका बस्ती जिले के बाघनगर क्षेत्र में था। हादसे की खबर मिलते ही मायके और ससुराल दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव में एक साथ मां और चार मासूम बच्चों के जनाजे उठे तो हर आंख नम हो गई। अंतिम विदाई देने के लिए आसपास के गांवों से भी सैकड़ों लोग पहुंचे। पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन रहा और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध दिखाई दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मोइनुद्दीन रोजमर्रा की तरह सब्जी लेने बाजार गए थे। इसी दौरान इमारत ढह गई और घर में मौजूद उनकी पत्नी तथा चारों बच्चे मलबे में दब गए। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल ने सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर जर्जर इमारतों की सुरक्षा और भारी बारिश के दौरान एहतियात बरतने की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



