एसी फटते ही धधका हाईराइज फ्लैट, बुजुर्गों और बच्चे को सुरक्षित निकाला गया

गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसाखंड स्थित क्लाउड-9 सोसायटी में बुधवार शाम एक हाईराइज फ्लैट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एयर कंडीशनर (एसी) फटने के कारण लगी। आग लगते ही फ्लैट की बालकनी से धुएं और लपटों का गुबार उठने लगा, जिसे देखकर सोसायटी के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। यह घटना क्लाउड-9 सोसायटी के डी टावर के सबसे ऊपरी फ्लैट में हुई। जैसे ही आग की लपटें बाहर दिखाई दीं, आसपास के लोगों ने तत्काल सोसायटी के फायर सेफ्टी सिस्टम का उपयोग करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाडिय़ां भी मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था।
हादसे के समय फ्लैट में दो बुजुर्ग, एक महिला और एक बच्चा मौजूद थे। धुएं और आग के बीच फंसे सभी लोगों को सोसायटी के निवासियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण एसी फटना प्रतीत हो रहा है। आग की चपेट में आने से फ्लैट में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। दमकल विभाग ने घटना के बाद लोगों से अपील की कि घरों और विशेषकर बहुमंजिला इमारतों में लगे एयर कंडीशनर एवं अन्य विद्युत उपकरणों की समय-समय पर सर्विसिंग कराते रहें। साथ ही सोसायटियों में उपलब्ध फायर सेफ्टी सिस्टम को हमेशा क्रियाशील रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।



