ग़ाज़ियाबाद

एनएच-9 पर ऑटो चालकों की मनमानी, पुलिस बनी मूकदर्शक 

गाजियाबाद। एनएच-9 पर जाम की समस्या से वाहन चालकों को राहत नहीं मिल पा रही है। इसकी बड़ी वजह सड़क पर ऑटो चालकों की मनमानी है। नोएडा सेक्टर-62 कट, इंदिरापुरम स्थित साया गोल्ड सोसायटी के सामने, कनावनी कट और छिजारसी कट पर ऑटो चालक कई-कई लेन में वाहन खड़े कर देते हैं। इससे हाईवे का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और लोगों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि इन स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती होने के बावजूद ऑटो चालकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। पुलिसकर्मी आसपास मौजूद रहते हैं, लेकिन ऑटो चालक बेखौफ होकर सड़क घेरते रहते हैं। सेक्टर-62 कट पर करीब 200 मीटर पहले से ही ऑटो की कतार लगनी शुरू हो जाती है। कट के आसपास कई लेन में ऑटो खड़े होने से दूसरे वाहनों को निकलने के लिए जगह नहीं मिलती। साया गोल्ड सोसायटी के सामने भी यही स्थिति है। यहां रोडवेज बसों को बैरिकेडिंग के अंदर खड़ा कराया जाता है, लेकिन बाहर ऑटो चालक सड़क पर कब्जा जमाए रहते हैं। पुलिसकर्मी कभी-कभार ऑटो हटवाते भी हैं तो कुछ देर बाद दोबारा वही स्थिति बन जाती है। कनावनी कट और नोएडा के छिजारसी कट पर भी ऑटो चालकों की मनमानी से यातायात प्रभावित होता है। त्योहारी सीजन में वाहनों का दबाव बढऩे के बावजूद यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती नहीं की गई। ऐसे में रोजाना लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वाहन चालकों ने पुलिस अधिकारियों से ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निर्धारित स्थान पर ही ऑटो खड़े कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button