उपजिलाधिकारी ने शिकायत मिलते ही कराई जांच, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कराया कब्जा मुक्त

गाजियाबाद। लोनी तहसील क्षेत्र में एक बुजुर्ग पिता की शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उनकी पुत्री के भूखंड को अवैध कब्जे से मुक्त करा दिया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद दबंगों द्वारा किया गया कब्जा हटाया गया और भूखंड का कब्जा वास्तविक स्वामित्व रखने वाले परिवार को सौंप दिया गया। प्रशासन की इस तत्परता से पीडि़त परिवार को बड़ी राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, लोनी क्षेत्र निवासी माताप्रसाद ने उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री के डीएलएफ अंकुर विहार के प्रेम विहार क्षेत्र में स्थित भूखंड पर कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। इतना ही नहीं, जब परिवार ने अपने भूखंड पर जाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उन्हें रोक दिया और धमकियां देकर वहां से भगा दिया। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी लोनी ने शिकायत को तत्काल संज्ञान में लिया और राजस्व विभाग की टीम को मौके की जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत पूरी तरह सही पाई गई। इसके बाद बिना किसी देरी के प्रशासन ने पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाकर संबंधित भूखंड पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाया और भूखंड को कब्जा मुक्त कराकर उसकी वास्तविक स्वामिनी को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में यह संदेश गया कि सरकारी भूमि हो या निजी संपत्ति, किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपजिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक सिंहनवाल ने बताया कि लोनी तहसील क्षेत्र में अवैध कब्जों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति किसी की भूमि या संपत्ति पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध कब्जा, भूमि विवाद या दबंगई की शिकायत सामने आती है तो उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाएं। प्रशासन प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष परीक्षण कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा करना और उन्हें न्याय दिलाना है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पीडि़त परिवार ने राहत की सांस ली और प्रशासन व पुलिस का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह अवैध कब्जों और भू-माफियाओं के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे, ताकि आम नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।



